Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान रविवार को शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं, थारू सांस्कृतिक नृत्य और अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। जिलाधिकारी द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हाथों निर्मित पंचमुखी हनुमान की तस्वीर भी मुख्यमंत्री को भेंट की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास और जनकल्याण संबंधी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है।
धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है और नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने जनता से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि धामी सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री न केवल खटीमा बल्कि पूरे उत्तराखंड की जनता की समस्याओं के प्रति सजग रहते हैं और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और उपकरण वितरित किए गए। मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सहकारिता विभाग द्वारा कई लाभार्थियों को अनुदान, ऋण और सहायता सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नानकमत्ता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
