Nainital: 15 जून को बाबा नीम करोली महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और निर्बाध दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने संयुक्त रूप से भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवाली सेनेटोरियम, नैनी बैंड, खुटानी और विकास भवन भीमताल समेत विभिन्न पार्किंग स्थलों की क्षमता, बैरियर ड्यूटी और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और संभावित ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थापना दिवस के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और जाम की स्थिति से बचाने के लिए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू की जाएं।
कैंची धाम मंदिर परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुलभ दर्शन के लिए बैरीकेडिंग, कतार प्रबंधन और पैदल मार्गों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी निवेदिता कुकरेती और एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. लगातार ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था और रूट डाइवर्जन प्लान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मेला क्षेत्र में भारी पुलिस बल, एलीट फोर्स और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। साथ ही पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
पुलिस-प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि स्थापना दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


Chief Editor, Aaj Khabar
