Headlines

Dehradun: देहरादून में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी ने 38 वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित

Dehradun: देहरादून में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारी तू नारायणी’ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी ने 38 वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित
शेयर करे-

Dehradun: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित “नारी तू नारायणी” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया। शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति और जल संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली मातृशक्ति को इस अवसर पर सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज उन महिलाओं का सम्मान किया जा रहा है, जिनके त्याग, संघर्ष, स्नेह और संस्कारों ने परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्नेह, त्याग और आशीर्वाद से ही पीढ़ियाँ आगे बढ़ती हैं और समाज निरंतर प्रगति करता है। मां के रूप में महिलाएं अपने जीवन के अनेक सुखों का त्याग कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ महिलाएं केवल परिवार ही नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों की भी संरक्षक होती हैं। उत्तराखण्ड की मातृशक्ति का योगदान विशेष रूप से प्रेरणादायी है। प्रदेश की महिलाएं परिवार संभालने के साथ खेत-खलिहानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ता से आगे बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की असली ताकत उसकी मातृशक्ति है, जिन्होंने अपने त्याग, परिश्रम और अदम्य साहस से राज्य को आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और वृद्ध माताओं की सेवा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार महिलाओं, विशेषकर वरिष्ठ महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, वहीं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न जिलों में वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाएं भी मजबूत की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क धार्मिक यात्राओं की सुविधा भी प्रदान कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखण्ड की हर वृद्ध माता को सम्मान, सुरक्षा और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिले।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि जिन वरिष्ठ महिलाओं को आज सम्मानित किया जा रहा है, उनका जीवन संघर्ष, धैर्य और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज के लिए अमूल्य धरोहर है।

सचिव चंद्रेश कुमार यादव ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम की मुख्य थीम “Give to Gain” निर्धारित की गई है। इस थीम के अनुरूप 60 वर्ष से अधिक आयु की ऐसी सक्रिय और आत्मनिर्भर महिलाओं को सम्मानित किया गया है, जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से आई वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीता राम गौड़, निदेशक बीएल राणा, विक्रम सिंह, एसके त्रिपाठी, मोहित चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *