Haldwani: शहर के राजपुरा क्षेत्र में बुलेट बाइक के रेट्रो साइलेंसर से निकल रही तेज धमाकों की आवाज को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विरोध करने पर बाइक सवार युवक ने लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम राजपुरा इलाके में रेट्रो साइलेंसर लगी बाइक के तेज धमाकों से परेशान लोगों ने युवक का विरोध किया। इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि बाइक सवार युवक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में आकाश नाम का युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि हमलावर युवक के परिजनों ने घर की छत से लोगों पर पथराव भी किया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना से नाराज बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग कोतवाली पहुंच गए और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध जताया। लोगों का कहना है कि आरोपी युवक पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, इसलिए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
