Dehradun: पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को राज्य के दोनों मंडलों में अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय भवनों के निर्माण के लिए शीघ्र DPR प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित भवनों में बैंकट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने OBC बाहुल्य क्षेत्रों में संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार करने को भी कहा, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र वर्ग तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। OBC वर्ग के उत्थान हेतु शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे समावेशी विकास को मजबूती मिल सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
