Dehradun: सहसपुर थाना क्षेत्र के तिमली धर्मावाला में बुधवार सुबह पुलिस और गौतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके से पुलिस ने तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
घायल बदमाश को पुलिस ने विकासनगर के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एसएसपी अजय सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पूछताछ के दौरान आरोपी एसएसपी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया।
15 हजार का इनामी और डेढ़ दर्जन मुकदमों में वांछित था आरोपी
गिरफ्तार बदमाश की पहचान एहसान, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह गौकशी और गौतस्करी के मामलों में वांछित था और क्लेमेंटटाउन थाने से 15 हजार का इनामी बदमाश था। इसके अलावा, हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी उस पर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, एहसान ने हाल ही में विकासनगर और पुरूवाला (हिमाचल प्रदेश) में गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था और सहसपुर क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। रायपुर में हुई गौकशी की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आरोपी पर गैंगस्टर समेत संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी दबिश के डर से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन चेकिंग के दौरान पकड़ में आ गया।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
