Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास में उच्च स्तरीय बैठक कर प्रदेश में निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब जबकि मानसून अवधि समाप्त हो चुकी है, सभी विभाग कार्यों में तेजी लाएं।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को तय समय सीमा में गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से बार-बार सड़क संबंधी शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और गुणवत्ता पर पूरा ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने और 31 अक्टूबर तक पैचवर्क पूरा करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज पांडेय, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
