Dehradun: प्रदेश के चार प्रमुख मेडिकल कॉलेजों – श्रीनगर, देहरादून, अल्मोड़ा और हल्द्वानी – को चिकित्सा सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए 19 पीजी बॉण्डधारी विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती दी गई है। यह कदम न केवल अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करेगा, बल्कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी सुनिश्चित करेगा।
चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना द्वारा इन चिकित्सकों की सूची संबंधित मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों को भेज दी गई है। इन चिकित्सकों ने एनेस्थिसिया, ईएनटी, जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, पीडियाट्रिक्स, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, ऑब्स एंड गायनी और ऑप्थल्मोलॉजी में विशेषज्ञता हासिल की है और अब राज्य के भीतर सेवा देने के लिए बाध्य बॉण्ड के तहत अपनी सेवाएं देंगे।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को सबसे अधिक आठ विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं, अल्मोड़ा को पांच, देहरादून को चार और हल्द्वानी को दो डॉक्टरों की तैनाती प्राप्त हुई है।
डॉ. सयाना ने बताया कि यह तैनाती प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य में हर साल पीजी पासआउट चिकित्सकों की संख्या बढ़ रही है, जिससे भविष्य में मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञों की कमी नहीं रहेगी। साथ ही उन्होंने सभी तैनात चिकित्सकों को मरीजों की सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
