Mussoorie: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून-मसूरी मार्ग पर सोमवार को कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। पानी वाले बैंड के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
गलोगी धार के पास भी गिरा मलबा और बोल्डर
पानी वाले बैंड के अलावा गलोगी धार के पास भी भारी भूस्खलन हुआ। यहां मलबे के साथ बड़े बोल्डर सड़क पर आने से यातायात प्रभावित रहा। मार्ग बाधित होने के कारण कई वाहन जाम में फंस गए और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
मलबा हटाने में जुटी लोक निर्माण विभाग की टीम
भूस्खलन की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सड़क पर आए मलबे और बड़े पत्थरों को हटाने का काम शुरू किया। वहीं, सड़क पर गिरे पेड़ को फायर सर्विस की टीम ने काटकर हटाया। विभागीय टीमें मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने में जुटी हैं।
बारिश के दौरान देहरादून-मसूरी मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील स्थानों पर स्थायी सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान बार-बार मार्ग बंद होने और जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
