Bhimtal: उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन भीमताल के सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, विकास कार्यों की प्रगति और जनता की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ध्रुव रौतेला ने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं के साथ-साथ सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरा करें। साथ ही विभागों में किए जा रहे विकास कार्यों और अभिनव प्रयासों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए।
रौतेला ने कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत जनपद में पेयजल विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों समेत विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की भी जानकारी ली।
बैठक के बाद उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने भीमताल झील परिक्षेत्र में बोगनवेलिया का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राना, सहायक परियोजना अधिकारी चंदा फर्त्याल सहित विद्युत विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान और अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
