Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, यशपाल आर्या ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत 15 लोगों पर SC-ST एक्ट में केस की मांग की

Haldwani: हल्द्वानी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, यशपाल आर्या ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत 15 लोगों पर SC-ST एक्ट में केस की मांग की
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के विरोध में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, श्रीराम सेवा से जुड़े गिरीश पांडे समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को अन्यायपूर्ण बताते हुए पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

यशपाल आर्या ने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण के जरिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया, लेकिन कांग्रेस की शिकायत पर अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ कुछ ही समय में एफआईआर दर्ज कर दी गई, जिससे भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता सामने आती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने एआई से बनाए गए कथित फर्जी वीडियो के मामले में भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

क्या है मामला?
8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली आयोजित हुई थी। कांग्रेस के अनुसार, 11 अगस्त को कुछ लोगों ने रैली के मंच का कथित शुद्धिकरण किया। इसके बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किए थे। अब राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *