Dehradun: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा 18 मई से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह पिथौरागढ़ जिले के सीमांत गांवों में ‘वाइब्रेंट विलेज योजना’ की प्रगति की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय विकास कार्यों का जायजा लेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी दी कि जेपी नड्डा पिथौरागढ़ जिले के गुंजी और ज्योलिंगकोंग क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। वे गूंजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने के साथ-साथ महिला फेडरेशन द्वारा संचालित होम स्टे का भी दौरा करेंगे। इसके अलावा वह ज्योलिंगकोंग से आदि कैलाश के दर्शन भी करेंगे।
जेपी नड्डा 18 मई की सुबह देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां से वह हेलीकॉप्टर द्वारा पिथौरागढ़ के गुंजी गांव जाएंगे। यहां वह ‘वाइब्रेंट विलेज योजना’ के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट का प्रस्तुतिकरण देखेंगे और संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे। दौरे के पहले दिन वह गूंजी में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नड्डा के इस दौरे को सामरिक और विकासात्मक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का सीमावर्ती क्षेत्रों में जाकर योजनाओं की प्रत्यक्ष समीक्षा करना उत्तराखंड के विकास को नई गति देगा। दौरे के दूसरे दिन नड्डा देहरादून लौटकर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
