Tehri: जनपद टिहरी गढ़वाल के थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के तपोवन स्थित डैक्कन वैली सोसाइटी में हुए नितिन देव हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। 07 मई 2025 को हाईड आउट कैफे एवं जीवन उत्सव रिज़ॉर्ट के संचालक नितिन देव की स्कूटी सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्री आयुष अग्रवाल के निर्देशन में त्वरित और बहुआयामी जांच शुरू की गई।
पुलिस द्वारा की गई विवेचना में तकनीकी विश्लेषण, फील्ड इन्वेस्टिगेशन, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच के आधार पर अंतर्राज्यीय स्तर पर दबिश दी गई। जांच के दौरान चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस हत्या की साजिश देहरादून जेल में रची गई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक नितिन देव ने एक बलात्कार और पोक्सो के मामले में विपिन नामक व्यक्ति के खिलाफ सख्त पैरवी की थी, जिससे विपिन जेल गया। बदले की भावना से ग्रसित होकर विपिन ने जेल में कुख्यात अपराधी रामवीर सिंह के माध्यम से बिहार निवासी अपराधी बिमलेश उर्फ विकास तक हत्या की सुपारी पहुंचाई।
जेल से जमानत पर छूटने के बाद विपिन ने दिल्ली और ऋषिकेश में बिमलेश से कई बार मुलाकात कर साजिश को अंतिम रूप दिया। दो शूटरों को डैक्कन वैली में फर्जी आईडी पर फ्लैट में ठहराया गया और कई दिनों तक नितिन की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। इसके बाद सुनियोजित तरीके से हत्या की गई।
टिहरी पुलिस की सतत और गहन विवेचना के चलते मोबाइल सर्विलांस, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और फील्ड सूचना संकलन के आधार पर 16 मई 2025 को मुख्य साजिशकर्ता बिमलेश उर्फ विकास को बिहार से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने हत्या की साजिश, सुपारी कनेक्शन और अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता की पुष्टि की है।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ ने इस त्वरित और उत्कृष्ट अनावरण के लिए टिहरी पुलिस टीम को ₹50,000 की नकद धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। साथ ही फरार शूटरों और अन्य संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश भी एसएसपी टिहरी को दिए गए हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
