Tehri Garhwal: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल जनपद में थौलधार सांस्कृतिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करने के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री ने स्थानीय कांगुड़ा नागराज मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने और आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कलाकारों को मंच प्रदान करने, लोक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयाँ मिल रही हैं। राज्य सरकार लोक संस्कृति, परंपराओं और युवा प्रतिभाओं के संरक्षण व संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर माननीय विधायक प्रीतम पंवार एवं किशोर उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
