Tehri: टिहरी गढ़वाल में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां घुत्तू के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां पिकअप वाहन (UK 07 CD 0854) गहरी खाई में गिरा हुआ पाया गया।
वाहन में कुल दो व्यक्ति और एक खच्चर सवार थे। एसडीआरएफ की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए घायल पूरन सिंह (55), पुत्र रूप चंद्र सिंह, निवासी ग्राम साथियाला पट्टी भिलंग, टिहरी गढ़वाल को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, हादसे में बॉबी (28), पुत्र जगबीर लाल, निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही वाहन में सवार खच्चर भी इस दुर्घटना में मारा गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
