Headlines

Haldwani: मंगल पड़ाव–रोडवेज मार्ग चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार, सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए कड़े निर्देश

Haldwani: मंगल पड़ाव–रोडवेज मार्ग चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार, सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए कड़े निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: शहर के प्रमुख मंगल पड़ाव से रोडवेज के मध्य लंबे समय से ठप पड़े सड़क चौड़ीकरण कार्य ने अब एक बार फिर गति पकड़ ली है। नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी के सक्रिय प्रयासों के चलते परियोजना को नई रफ्तार मिली है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को सरस मार्केट के सामने दो भवन स्वामियों ने स्वेच्छा से अपने भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी। नगर मजिस्ट्रेट स्वयं मौके पर पहुंचे और कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि प्रक्रिया सुचारु और तय समयसीमा के भीतर पूरी हो सके।

प्रशासन के अनुसार, इस क्षेत्र में एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) के सहयोग से नाले का निर्माण भी किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करना है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।

नगर मजिस्ट्रेट ने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में दो अन्य व्यक्तियों द्वारा माननीय उच्च न्यायालय में दायर रिट याचिकाएं वापस ले ली गई हैं, जिससे परियोजना में आ रही कानूनी अड़चनें भी काफी हद तक दूर हो गई हैं।

इसके अतिरिक्त नगर मजिस्ट्रेट और तहसीलदार हल्द्वानी ने मंडी से तीनपानी के बीच चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व में जारी 15 दिन के नोटिस के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया गया और अतिक्रमणकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।

नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित 15 दिन की अवधि पूर्ण होते ही लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क चौड़ीकरण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और विकास कार्य समय पर पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *