Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली को हरी झंडी, हजारों युवाओं की भागीदारी से नशामुक्त उत्तराखंड के विज़न को मिली नई ऊर्जा

Haldwani: हल्द्वानी में मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली को हरी झंडी, हजारों युवाओं की भागीदारी से नशामुक्त उत्तराखंड के विज़न को मिली नई ऊर्जा
शेयर करे-

Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी में नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एमबी इंटर कॉलेज मैदान से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस संदेश को पूरे प्रदेश में फैलाएं कि उत्तराखंड का युवा अब नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हाँ’ कह रहा है।

मुख्यमंत्री ने नशे को “साइलेंट वार” बताते हुए कहा कि यह धीरे-धीरे युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। उन्होंने कहा कि अक्सर मजाक में शुरू हुआ नशा गंभीर लत में बदल जाता है, जिससे बाहर निकलना बेहद कठिन हो जाता है। यह न केवल व्यक्ति, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को भी प्रभावित करता है।

Haldwani

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में मिशन मोड पर कार्य कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है। साथ ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का संचालन किया जा रहा है और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इन्हें स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ बनाए गए हैं, जो उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल कानून से नहीं जीती जा सकती, बल्कि समाज की जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि हम सभी संकल्प लें कि स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों और ऊर्जावान युवा शक्ति के लिए जाना जाता है, और यदि यह शक्ति सही दिशा में आगे बढ़े, तो पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कार्यक्रम में डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि जी, आरएसएस संपर्क प्रमुख उत्तर क्षेत्र हरीश रौतेला, श्याम अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भारत भूषण, डॉ. अशोक पाल, किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, शंकर कोरंगा, शांति महरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, ध्रुव रौतेला, सुरेश भट्ट, पूर्व मेयर योगेंद्र सिंह रौतेला सहित आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. एवं अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *