Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस, हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर कई अहम फैसले लिए। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए स्थायी समाधान खोजने और जिम्मेदारी तय करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने, अलर्ट सिस्टम विकसित करने और वन विभाग व पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा। साथ ही लोगों को जंगलों में जाने की आवश्यकता कम करने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन सुदृढ़ करने, शटल सेवाएं शुरू करने और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 24 घंटे निगरानी, नियमित चेकिंग अभियान और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया गया।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल संकट दूर होगा, भूजल स्तर बढ़ेगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को इस परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ग्रीष्मकाल और मानसून से पहले विद्युत व पेयजल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, सभी आवश्यक उपकरण सुनिश्चित करने और सिंचाई सहित अन्य विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे, जबकि कैंचीधाम बाईपास का निर्माण 30 मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा कर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
