Headlines

Bhimtal: भीमताल में ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य आगाज, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को दिया नवाचार का मंत्र

Bhimtal: भीमताल में ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य आगाज, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को दिया नवाचार का मंत्र
शेयर करे-

Bhimtal: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज, भीमताल में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन और नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए कहा कि देश का भविष्य प्रतिभाशाली और संकल्पवान युवाओं के हाथों में सुरक्षित है।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और सही दिशा देने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान का प्रबंधन इसी दिशा में कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान की स्थापना के समय पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की अपेक्षा जताई थी, जिसे यह संस्थान निरंतर पूरा कर रहा है। उन्होंने छात्रों द्वारा बनाए गए मॉडल्स की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान वर्षों से उत्तराखंड के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है और यहां के छात्र देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। कई छात्र प्रशासनिक सेवाओं और सेना में भी योगदान दे रहे हैं, जबकि अनेक युवाओं ने अपने स्टार्टअप भी स्थापित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन जैसी योजनाएं युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लागू नई शिक्षा नीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों की शुरुआत, मॉडल कॉलेजों की स्थापना, छात्रावास और आईटी लैब निर्माण, शेवनिंग छात्रवृत्ति और इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड जैसे कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। साथ ही नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में उठाए गए कदमों को भी रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में चार गुना अधिक है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भीमताल क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बिड़ला संस्थान में ड्रोन लैब की स्थापना और कंप्यूटर विभाग के उच्चीकरण के लिए 50 लाख रुपये तथा ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु अतिरिक्त 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इसके साथ ही उन्होंने भीमताल में उप-तहसील की स्थापना, ओखलकांडा में आयुर्वेदिक चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे मशीन, भीमताल सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन, रामगढ़ और धारी क्षेत्र में कोल्ड स्टोर, तथा किसानों के लिए मंडियों और मिनी स्टेडियम के निर्माण जैसी कई विकास योजनाओं की घोषणा की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ.हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, उत्तराखंड सरकार में डाईत्वधारी डॉ.अनिल कपूर डब्बू,शंकर कोरंगा, भावना मेहरा, ध्रुव रौतेला, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय, इंस्टीट्यूट के निदेशक बीके सिंह, इंस्टीट्यूट के चेयरमैन बीएस बिष्ट, रजिस्ट्रार डॉ. हेमचंद्र पांडेय,पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार नैनीताल के प्रबंधक श्याम अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

Bhimtal

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *