Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Uttarakhand: 2027 की चुनावी जंग के लिए भाजपा का महामंथन, 9-10 सितंबर को उत्तराखंड आएंगे नितिन नवीन

Uttarakhand: 2027 की चुनावी जंग के लिए भाजपा का महामंथन, 9-10 सितंबर को उत्तराखंड आएंगे नितिन नवीन
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 सितंबर को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति, प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की अहम बैठकों में शामिल होंगे। इसके साथ ही पूर्व सैनिक सम्मेलन और सिख गौरव सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नितिन नवीन के दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है और इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन बेहद अहम रहेगा।

नितिन नवीन 9 सितंबर को हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहां रामपुर रोड स्थित होटल में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। बैठक में प्रदेश संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया जाएगा। इसके बाद शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आगामी अभियानों और चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

10 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष सेवा संकल्प अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार के कामकाज और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा होगी। भाजपा नेतृत्व की लगातार हो रही बैठकों के बीच नितिन नवीन की मौजूदगी वाली यह बैठक संगठन की आगामी चुनावी दिशा तय करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसी दिन नितिन नवीन पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद सिख गौरव सम्मेलन में शामिल होकर सिख समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे। पार्टी के इस कार्यक्रम को चुनावी तैयारियों के साथ सामाजिक संपर्क के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन की ताकत के आधार पर 2027 की चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का अनुभव और मार्गदर्शन पार्टी की रणनीति को और धार देगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि संगठन और सरकार के काम के दम पर पार्टी 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगी।

महेंद्र भट्ट के अनुसार, नितिन नवीन का उत्तराखंड में यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम में प्रदेश आए थे। इस बार उनके प्रवास का केंद्र कुमाऊं रहेगा, जहां संगठनात्मक बैठकों के साथ पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए व्यापक जनसंपर्क पर भी जोर दिया जाएगा। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का दो दिवसीय दौरा भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और 2027 की चुनावी तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *