Nainital: रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 की शाम श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उल्लास और पुलिस परिवार की एकजुटता के साथ भव्य रूप से मनाया गया। आयोजन में जिलेभर के पुलिसकर्मियों, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, नैनीताल विधायक सरिता आर्या और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी मौजूद रहे। अतिथियों का पारंपरिक पुलिस गार्ड, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
जन्माष्टमी समारोह का प्रमुख आकर्षण स्टार नाइट शो रहा। जी टीवी फेम गायिका वैशाली ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। लोक गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुतियों से पहाड़ की संस्कृति की छटा बिखेरी, जबकि अंतरराष्ट्रीय गायक विशाल प्रकाश ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
दिल्ली के विशाल डांस एंड क्रू की शानदार नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा नैनीताल पुलिस के जवानों और पुलिस परिवार के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए।
समारोह का नैनीताल पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे एक लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन देखा और सराहा।
कृष्ण लीलाओं पर आधारित झांकियां रहीं आकर्षण
जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों, सीपीयू, यातायात विभाग, संचार शाखा और फायर स्टेशनों के पुलिसकर्मियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कीं। मुख्य अतिथियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी झांकियों का अवलोकन किया और पुलिसकर्मियों की रचनात्मकता, मेहनत और कलात्मक प्रतिभा की सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मध्यरात्रि के समीप भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी और उनकी धर्मपत्नी डॉ. नंदिता अरकेल समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं समस्त नैनीताल पुलिस परिवार ने विधि-विधान से पूजा की। इस दौरान क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना करते हुए सामूहिक भजन-कीर्तन भी किया गया।
आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों, पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। भव्य आयोजन ने पुलिस परिवार की सांस्कृतिक प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता को सामने रखने के साथ ही पुलिस और जनता के बीच आपसी सौहार्द को भी मजबूत करने का संदेश दिया।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
