Dehradun: विश्व जुजित्सु चैंपियनशिप में चयनित उत्तराखंड की बेटी प्रज्ञा जोशी का खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने भव्य स्वागत किया और राज्य का मान बढ़ाने पर बधाई दी। मंत्री रेखा आर्य ने प्रज्ञा को आगामी विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी वापसी पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
देहरादून जिले के ऋषिकेश निवासी प्रज्ञा जोशी का चयन 7 से 9 नवंबर तक बैंकॉक (थाईलैंड) में होने जा रही सीनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। वह पिछले 10 वर्षों से इस खेल से जुड़ी हैं और वर्ष 2016 में वियतनाम में आयोजित “पांचवें एशियन बीच गेम्स” में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
प्रज्ञा ने खेल कोटे से 9 वर्षों तक उत्तराखंड पुलिस विभाग में सेवा दी और उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस पदक भी प्राप्त किया। 2015 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद वह महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्यरत हैं। वे +70 किलोग्राम भार वर्ग में सीनियर फाइटिंग एवं कांटेक्ट स्पर्धा में भारत की चुनौती पेश करेंगी।
मुख्यमंत्री आवास कार्यालय में भी प्रज्ञा का स्वागत किया गया, जहां मुख्यमंत्री के मुख्य समन्वयक हरीश कोठारी ने उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जुजित्सु इंडिया के निदेशक प्रशासन सतीश जोशी, क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सूद और दीपक नौटियाल भी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
