Dehradun: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की रविवार को आयोजित हुई स्नातक स्तरीय परीक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बेरोजगार संघ ने दावा किया है कि परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे बाद ही प्रश्न पत्र का एक सेट लीक हो गया। संघ का कहना है कि पेपर हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र से लीक हुआ और बाहर आए प्रश्न पत्र तथा परीक्षा में अभ्यर्थियों को दिए गए प्रश्न पत्रों का मिलान करने पर कई सवाल मेल खाते पाए गए।
संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने इसे गंभीर मामला बताते हुए सोमवार 22 सितंबर को सचिवालय कूच करने का ऐलान किया है और मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई है।
बेरोजगार संघ ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने 9 सितंबर को ही एसटीएफ को एक ऑडियो सौंपा था, जिसमें आरोपी पंकज गौड़ अभ्यर्थियों को फंसाकर 15 लाख रुपये की मांग कर रहा था। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ ने 20 सितंबर को पंकज गौड़ और हाकम सिंह को गिरफ्तार किया।
इधर आयोग के चेयरमैन गणेश शंकर मर्तोलिया ने माना कि प्रश्न पत्र से जुड़े तीन पन्ने बाहर आए हैं। हालांकि शुरुआती जांच में ये पन्ने पढ़ने योग्य नहीं पाए गए। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद पन्ने बाहर कैसे आए, यह गंभीर सवाल है। फिलहाल आयोग स्तर पर उच्च स्तरीय बैठक कर मामले की समीक्षा की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
