Nainital: उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न विभागों की स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को जनपद नैनीताल में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
SSP नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा स्वयं नैनी वैली, सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और क्वीन पब्लिक स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग की गई, जिसमें DFMD, HHMD और फ्रिस्किंग प्रक्रिया लागू रही। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी व वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई।
एलआईयू और एसओजी की टीमें लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे रहीं। वहीं सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त निगरानी रखी गई। SSP मीणा ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

Chief Editor, Aaj Khabar
