॰ दो नाबालिग संरक्षण में लेकर परिजनों को सौंपे, दोनों मोटरसाइकिलें सीज
Haldwani: दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग मचाकर हाथों में बेल्ट लहराते हुए राहगीरों और आमजन को भयभीत करने वाले युवकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
SSP के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से वीडियो में शामिल युवकों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान चार युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि जांच में सामने आए दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों में सीतेश आर्य निवासी दमुवाढूंगा, उम्र 25 वर्ष, गोपाल आर्य निवासी दमुवाढूंगा, उम्र 30 वर्ष, कुणाल बिष्ट निवासी दमुवाढूंगा, उम्र 22 वर्ष तथा विशाल कुमार निवासी दमुवाढूंगा, उम्र 27 वर्ष शामिल हैं।
जांच के दौरान सीतेश आर्य के शराब के नशे में पाए जाने पर शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई। अन्य युवकों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं दूसरी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल संख्या UK04AS-4102 को भी नियमानुसार सीज किया गया है।
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, गुंडागर्दी करने, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे किसी भी वीडियो का पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी, जिसमें सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल जगदीश और कांस्टेबल अजहर शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
