Headlines

Nainital: कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात प्लान जारी, 15 और 16 अगस्त को डायवर्जन लागू

Nainital: कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात प्लान जारी, 15 और 16 अगस्त को डायवर्जन लागू
शेयर करे-

Nainital: स्वतंत्रता दिवस और रविवार के अवकाश को देखते हुए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 15 और 16 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस के अनुसार कैंची धाम क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब एवं खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर के रास्ते हल्द्वानी भेजा जाएगा।

हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन निर्धारित रूट से संचालित होंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार मस्जिद तिराहा भवाली पर रोका जा सकता है या रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले बाहरी जनपदों और राज्यों के पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं गेठिया और नैनीताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से भी स्थानीय शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन रामगढ़ एवं खुटानी मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए क्वारब, नथुवाखान और रामगढ़ मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों, स्थानीय लोगों, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात एवं डायवर्जन प्लान का पालन करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *