Haldwani: रोटरी क्लब ऑफ हल्द्वानी के रोटेरियन एवं समाजसेवी अनिल जोशी को रोटरी की ‘Create Lasting Impact’ थीम के तहत उत्कृष्ट सेवा, अनुकरणीय नेतृत्व और निरंतर योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘National Rotary Champion’ सम्मान से नवाजा गया।
वाराणसी स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित आधारशिला मल्टी डिस्ट्रिक्ट मेंबरशिप समिट एवं प्रेसिडेंशियल डिनर में यह सम्मान रोटरी इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट ओलाजिंका एच. बाबालोला के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
देशभर के विभिन्न रोटरी डिस्ट्रिक्ट्स से उल्लेखनीय योगदान के आधार पर प्रत्येक डिस्ट्रिक्ट से केवल तीन रोटेरियनों का चयन इस विशेष सम्मान के लिए किया गया। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3110 से चयनित तीन सम्मानित रोटेरियनों में अनिल जोशी का शामिल होना हल्द्वानी और पूरे डिस्ट्रिक्ट के लिए गौरव की बात है।
District Interact Committee Chair (DICC) के रूप में अनिल जोशी ने पिछले चार रोटरी वर्षों में 102 नए इंटरैक्ट क्लबों के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में इंटरैक्ट आंदोलन का विस्तार हुआ और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को नेतृत्व, सेवा तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ने का अवसर मिला।
इस उपलब्धि में डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ रोटेरियनों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। PDG AKS रोटेरियन पवन अग्रवाल, PDG रोटेरियन नीरव निमेश अग्रवाल और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए रोटेरियन जसबीर सिंह भाटिया सहित डिस्ट्रिक्ट 3110 के वरिष्ठ पदाधिकारियों का निरंतर सहयोग प्राप्त हुआ।
अनिल जोशी ने इस सम्मान का श्रेय DIR, DIS, अन्य District Interact Officials, विभिन्न इंटरैक्ट क्लबों के विद्यार्थियों, क्लब पदाधिकारियों और सहयोगी रोटेरियनों को दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों के बिना इंटरैक्ट आंदोलन का यह विस्तार संभव नहीं था।
सम्मान पत्र में उनकी समर्पित सेवा, अनुकरणीय नेतृत्व और रोटरी के मूल सिद्धांत ‘Service Above Self’ के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की गई। इसमें उनके कार्यों से लोगों को प्रेरणा मिलने तथा रोटरी की फेलोशिप और समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने का भी उल्लेख किया गया।
अनिल जोशी ने राष्ट्रीय सम्मान को व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110, रोटरी क्लब ऑफ हल्द्वानी, इंटरैक्ट परिवार और सभी सहयोगियों की सामूहिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि रोटरी में सेवा केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक दृष्टिकोण है और यह सम्मान उन्हें भविष्य में समाज एवं युवा पीढ़ी के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110, रोटरी क्लब ऑफ हल्द्वानी और पूरे इंटरैक्ट परिवार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
