॰ 19 लोग सुरक्षित निकाले गए, 3 की तलाश जारी
Uttarakhand: चमोली जनपद के मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों व बचाव दलों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से श्रमिकों के फंसने की स्थिति बनी।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष 3 लोगों की तलाश और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और टनल में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
रेस्क्यू अभियान का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने पीपलकोटी (मायापुर) टनल हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सकों को घायलों के उपचार और स्वास्थ्य निगरानी में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिजनों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता देने को कहा।
इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हरक सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
