Dehradun: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, देहरादून में 13 अगस्त 2026 को निदेशक चिकित्सा शिक्षा, उत्तराखंड प्रोफेसर (डॉ.) आशुतोष सयाना के नेतृत्व में विभिन्न विभागों एवं चिकित्सालय ब्लॉक्स का निरीक्षण और समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
निरीक्षण के दौरान न्यू ओटी, आईसीयू, इमरजेंसी, आईपीडी ब्लॉक की इंडोर सेवाओं तथा न्यू ओपीडी ब्लॉक का जायजा लिया गया। इसके बाद विभागाध्यक्षों एवं प्रभारी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) गीता जैन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाओं, बेहतर चिकित्सालय व्यवस्थाओं और मरीज-केंद्रित चिकित्सा व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर (डॉ.) आरएस बिष्ट, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनम्र मित्तल, डॉ. शोभा वी सहित प्रोफेसर (डॉ.) अनिल जोशी, प्रोफेसर (डॉ.) चित्रा जोशी, प्रोफेसर (डॉ.) अभय, प्रोफेसर (डॉ.) शांति पांडेय, प्रोफेसर (डॉ.) सत्यवल्ली, प्रोफेसर (डॉ.) अमित शाह, डॉ. नेहा बत्रा, डॉ. दुष्यंत, डॉ. प्रत्यक्ष, डॉ. देवशीष सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सालय की मौजूदा व्यवस्थाओं का आकलन कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुदृढ़ एवं मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाना रहा।

Chief Editor, Aaj Khabar
