New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए जीएसटी सुधारों की घोषणा की, जो 22 सितंबर से लागू होंगे। उन्होंने कहा कि नए सुधारों से रोजमर्रा की वस्तुएं और सेवाएं सस्ती होंगी, मध्यम वर्ग की बचत बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि अब केवल 5 और 18 प्रतिशत के टैक्स स्लैब रहेंगे। खाने-पीने की चीजें, दवाइयां, साबुन, ब्रश, पेस्ट, स्वास्थ्य और जीवन बीमा जैसी आवश्यक वस्तुएं या तो टैक्स-फ्री होंगी या 5 प्रतिशत टैक्स स्लैब में आएंगी। जिन वस्तुओं पर पहले 12 प्रतिशत टैक्स लगता था, उनमें से 99 प्रतिशत अब 5 प्रतिशत टैक्स स्लैब में आ गई हैं।
उन्होंने बताया कि इन सुधारों से देशवासियों को सालाना 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी। आयकर छूट और जीएसटी छूट को मिलाकर मध्यम वर्ग की बचत में ऐतिहासिक इजाफा होगा। प्रधानमंत्री ने इसे “बचत उत्सव” करार दिया और कहा कि यह कदम आत्मनिर्भर भारत और विकास की दिशा में एक बड़ा परिवर्तन है।
गौरतलब है कि सरकार ने 4 सितंबर को जीएसटी दरों में कटौती का ऐलान किया था। ऑटोमोबाइल से लेकर दैनिक उपभोक्ता वस्तुओं तक यह राहत लागू होगी। जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से यह अब तक का सबसे बड़ा अप्रत्यक्ष कर सुधार बताया जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
