Headlines

Dehradun: उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी से भेंट कर समान कार्य–समान वेतन के कैबिनेट फैसले पर जताया आभार

Dehradun: उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी से भेंट कर समान कार्य–समान वेतन के कैबिनेट फैसले पर जताया आभार
शेयर करे-

Dehradun: उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने आज सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर ‘समान कार्य–समान वेतन’ को लेकर राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह फैसला लंबे समय से चली आ रही मांगों की पूर्ति के साथ-साथ उपनल कर्मियों के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों उपनल कर्मचारियों में उत्साह और विश्वास का माहौल बना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उपनल कर्मियों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारी राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को सरकार पूरी गंभीरता से मान्यता देती है। सरकार कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े हर मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

इस अवसर पर उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वे सरकार की नीतियों और निर्णयों के अनुरूप पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।

इधर, भारतीय जनता पार्टी ने भी धामी कैबिनेट के इस फैसले का स्वागत किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि उपनल कर्मियों से जुड़ा लंबित वादा पूरा कर सरकार ने हजारों कर्मचारियों के बेहतर भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कैबिनेट के अन्य निर्णयों को भी कर्मचारियों, किसानों, युवाओं और न्यायिक व्यवस्था के हित में महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *