Dehradun: यूनाइटेड मुए थाई एशोसिएशन ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में 22 से 25 जनवरी तक हैदराबाद में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय सीनियर मुए थाई चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए। राज्य के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
मुए थाई एसोसिएशन ऑफ़ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी ने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तराखंड से कुल 10 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए देहरादून जिले की मुए थाई फाइटर संचिता पोखरियाल ने रजत पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। वहीं देहरादून की ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी सपना जवाड़ी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त 6 कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर (केआरसी) के खिलाड़ी अनिल बोरा और अल्मोड़ा की महिला खिलाड़ी हिमानी मेर ने भी कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड के पदक खाते को मजबूत किया। इस प्रकार उत्तराखंड ने सीनियर राष्ट्रीय मुए थाई चैंपियनशिप में कुल चार पदक हासिल किए।
चैंपियनशिप में देश के 28 राज्यों से 800 से अधिक चयनित मुए थाई खिलाड़ियों ने भाग लिया। उत्तराखंड टीम की मुख्य कोच विश्व पदक विजेता प्रज्ञा जोशी रहीं, जबकि टीम मैनेजर नीलेश जोशी थे। राष्ट्रीय रेफरी दीपक नौटियाल ने भी प्रतियोगिता में अपनी भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि पहली बार जून माह में “राष्ट्रीय यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026” की मेजबानी उत्तराखंड को मिलने जा रही है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री रेखा आर्य, खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, प्रदेश महासचिव नीलेश जोशी, उप-निदेशक खेल रसिका सिद्दीकी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
