Dehradun: उत्तराखंड सरकार ने राज्य के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशासनिक अनुभव देने के लिए एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। इस योजना के तहत, राज्य के 10वीं और 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को उनके ही जिलों में एक दिन के लिए जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे टॉपर विद्यार्थियों की सूची तैयार करें और सुनिश्चित करें कि उन्हें यह अनुभव उनके गृह जिले में ही प्राप्त हो। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना को जल्द ही राज्यभर में लागू किया जाएगा और इस वर्ष परीक्षा पास करने वाले छात्रों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्रशासनिक समझ और आत्मविश्वास को बढ़ाना है। इससे पहले अन्य राज्यों में भी जिला स्तर पर बच्चों को प्रशासनिक जिम्मेदारी का अनुभव देने की पहल की गई थी, लेकिन उत्तराखंड सरकार ने इसे एक योजनाबद्ध रूप में लागू करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया है।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार “नदी उत्सव” नामक एक विशेष कार्यक्रम भी शुरू करने जा रही है, जिसका उद्देश्य बच्चों को उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर, नदियों की महत्ता, स्वच्छता, संरक्षण और पुनर्जीवन से जोड़ना है। यह उत्सव राज्य के सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा और इसके तहत व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक जागरूकता को बच्चों व आमजन से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

