Gairsain: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आज से राज्य विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका सदन के सामने रखा जाएगा।
राज्यपाल अपने अभिभाषण में बीते एक वर्ष के दौरान राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों, विकास योजनाओं और नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख करेंगे। इसे सरकार के दृष्टिकोण और आगामी विकास की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में देखा जाता है।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद दोपहर 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सदन में अपने विचार रखेंगी और सत्र की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके बाद शाम 3 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में प्रस्तुत करेंगे।
सरकार के इस बजट पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि बजट में आधारभूत ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, पर्यटन को बढ़ावा देने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और शिक्षा के विकास पर विशेष फोकस किया जा सकता है। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित विकास और युवाओं के लिए नई योजनाओं की घोषणा की भी संभावना जताई जा रही है।
गैरसैंण में आयोजित यह बजट सत्र राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने की ओर बढ़ रही है, ऐसे में सरकार अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के जरिए जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड भी पेश करेगी।
वहीं बजट सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की संभावना भी जताई जा रही है। जनहित से जुड़े विषयों, विकास कार्यों, बेरोजगारी, महंगाई और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सदन में तीखी बहस होने के आसार हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
