Gairsain: उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में मनाए जा रहे रजत जयंती उत्सव के तहत सोमवार को गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इससे पहले 9 नवंबर को देहरादून स्थित एफआरआई में मुख्य कार्यक्रम हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि रहे और 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
गैरसैंण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैतिक परेड का निरीक्षण किया और राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने करोड़ों रुपये की 60 महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सीएम धामी ने कहा कि यह अवसर राज्य निर्माण में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी अमर बलिदानियों और वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने का है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में राज्य गठन और औद्योगिक पैकेज के माध्यम से उत्तराखंड को नई दिशा मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड को “इस दशक का दशक” बताया है और सरकार इसे साकार करने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में रोजगार, विकास और निवेश बढ़ाने के उद्देश्य से 30 से अधिक नई नीतियां लागू की गईं, जिनके परिणामस्वरूप राज्य कई क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।

Chief Editor, Aaj Khabar

