Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्थित खेल परिसर में जिले के पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रविवार को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, पूर्व हॉकी ओलंपियन जेम्स रमिया, प्रमोद बाटला और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर सहित कई गणमान्य लोगों ने भूमि पूजन कर परियोजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण करीब 10.30 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। विकासकर्ता एजेंसी का चयन कर कार्यादेश जारी किया जा चुका है। यह हॉकी स्टेडियम गौतमबुद्ध नगर जिले का पहला समर्पित अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला हॉकी मैदान होगा।
परियोजना के पहले चरण में सिंथेटिक हॉकी टर्फ, जल निकासी के लिए आरसीसी नालियां, फुटपाथ तथा आधुनिक स्प्रिंकलर सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मैदान का आकार 101.4 मीटर लंबा और 63 मीटर चौड़ा होगा। पहले चरण का निर्माण कार्य एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्टेडियम में 6000 से अधिक दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। भविष्य में यहां बहुमंजिला पार्किंग और अन्य खेल सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत ग्रेटर नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अवसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-37 स्थित खेल परिसर के लिए 10.5 एकड़ से अधिक भूमि आरक्षित है, जिसमें से करीब सवा एकड़ क्षेत्र में हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। भविष्य में यहां क्रिकेट नेट प्रैक्टिस समेत अन्य खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
स्टेडियम के निर्माण से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
