Greater Noida: सेक्टर-37 स्थित ज़ोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विकसित की जा रही हॉकी एस्ट्रोटर्फ सहित अन्य खेल सुविधाओं का सैकड़ों खिलाड़ियों, हॉकी खिलाड़ियों और एथलीटों ने स्वागत किया। खिलाड़ियों ने इस पहल को क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
खिलाड़ियों का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी एस्ट्रोटर्फ सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके चलते खिलाड़ियों को अभ्यास और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के लिए दिल्ली समेत अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता था। खिलाड़ियों के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में अपनी मांग हॉकी एसोसिएशन और स्थानीय विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह के समक्ष रखी थी, जिसके बाद विधायक के प्रयासों से प्राधिकरण द्वारा इस सुविधा को विकसित किया जा रहा है।
खिलाड़ियों ने कहा कि ज़ोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को केवल हॉकी तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। यहां हॉकी के साथ एथलेटिक्स और अन्य खेलों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे स्थानीय बच्चों और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण लेकर प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों ने कहा कि खेल सुविधाओं के विकास से जुड़ी किसी भी भ्रांति के बजाय पूरी योजना और उसके उद्देश्यों को तथ्यों के आधार पर समझना चाहिए। उनका मानना है कि यह परिसर गौतमबुद्ध नगर के साथ-साथ आसपास के जिलों के खिलाड़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने परियोजना को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में इंटरनेशनल हॉकी खिलाड़ी अफजल अहमद, जीबीयू के स्पोर्ट्स विभाग के अध्यक्ष प्रदीप, वरिष्ठ समाजसेवी देवेंद्र चंदेल, लक्ष्मी तिवारी समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों ने कहा कि बेहतर खेल सुविधाओं से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और ऐसी सकारात्मक खेल परियोजनाओं का स्वागत किया जाना चाहिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
