॰ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
Uttarakhand: चमोली के नंदानगर ब्लॉक के रामणी गांव में मंगलवार सुबह 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्रा की मौत से सनसनी फैल गई। दोनों सोमवार देर शाम से लापता थे। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों के शव गांव के मेला मैदान में मंच की रेलिंग से लटके देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतकों की पहचान सुनील और रिया के रूप में हुई है। सुनील कक्षा 12 का छात्र था, जबकि रिया कक्षा 11 की छात्रा थी। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके घर घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर बताए जा रहे हैं।
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि दोनों के बीच दोस्ती थी और वे अक्सर साथ स्कूल आते-जाते थे। ग्रामीणों में चर्चा है कि दोनों की दोस्ती को लेकर उन्हें ताने दिए जाते थे और इसी वजह से वे कुछ समय से परेशान चल रहे थे। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने और दोनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
जानकारी के मुताबिक, दोनों सोमवार देर शाम अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे। रातभर ग्रामीणों ने गांव और आसपास के जंगलों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने मेला मैदान में दोनों के शव देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
ग्रामीणों की सूचना पर नंदानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। SI मनोज भट्ट ने बताया कि मृतकों की पहचान रिया और सुनील के रूप में हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सुनील के पिता का नाम कुंवर राम बताया गया है। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई है। वहीं, रिया के पिता का नाम पदम राम बताया गया है और उसके परिवार में माता-पिता के साथ दो भाई हैं। दोनों परिवार खेती-बाड़ी कर अपना गुजर-बसर करते हैं।
घटना के बाद पूरे रामणी गांव में मातम और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर दोनों की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
