Headlines

Haridwar: हरिद्वार के रावली महदूद में नाले में बही 6 वर्षीय बच्ची, एसडीआरएफ के रातभर रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग

Haridwar: हरिद्वार के रावली महदूद में नाले में बही 6 वर्षीय बच्ची, एसडीआरएफ के रातभर रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग
शेयर करे-

हरिद्वार: सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में सोमवार शाम नाले के तेज बहाव में बही छह वर्षीय मासूम विधिका का 12 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्ची की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और शिवालिक नगर पालिका की टीम ने रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह एक बार फिर सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि नाला भारी मात्रा में कूड़े से पटा हुआ है। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने नाले के भीतर सीवर लाइनें डाल रखी हैं, जिससे पानी का रास्ता बाधित हो गया है। इसके अलावा नाले के आसपास अतिक्रमण और निर्माण के कारण भी एसडीआरएफ की टीम को तलाशी अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रेस्क्यू टीम जेसीबी की मदद से नाले के अलग-अलग हिस्सों से कूड़ा हटाकर संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश कर रही है। नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भी मैन्युअली नाले में उतरकर सर्च अभियान में जुटे हैं।

मंगलवार सुबह स्थानीय विधायक आदेश चौहान भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। मौके पर लोगों की भीड़ जमा है, जबकि बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विधिका के पिता गौतम कुमार मूल रूप से बिजनौर के ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली के रहने वाले हैं। वर्तमान में परिवार सिडकुल के रावली महदूद क्षेत्र में कृपाल स्कूल के पास किराये के मकान में रहता है। परिवार के सदस्य सिडकुल क्षेत्र में मजदूरी करते हैं।

सोमवार शाम बारिश के दौरान विधिका अपनी सात वर्षीय सहेली हिमानी के साथ खेल रही थी। इसी दौरान दोनों बच्चियां अचानक नाले में गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका तेज बहाव में बह गई।

सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नाले के अंदर तथा आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। तेज बहाव, कूड़े के ढेर और नाले में जमा दलदल के कारण टीम को कई जगह परेशानी हुई। जेसीबी से कूड़ा हटाकर भी तलाशी ली गई, लेकिन देर रात तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने दोबारा सर्च अभियान शुरू किया, जो अभी जारी है।

एसडीआरएफ ने कहा- हरसंभव प्रयास जारी

एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग से सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने रातभर बच्ची की तलाश की। नाले में अधिक कूड़ा होने और कई स्थानों पर सीवर लाइन डाले जाने के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। घनी आबादी और अतिक्रमण भी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद टीम संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है और बच्ची को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *