Headlines

Haldwani: सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में नैनीताल पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च के साथ एरिया डोमिनेशन; चप्पे-चप्पे पर निगरानी

Haldwani: सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में नैनीताल पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च के साथ एरिया डोमिनेशन; चप्पे-चप्पे पर निगरानी
शेयर करे-

Haldwani: बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय अभी विचाराधीन है और मामले की सुनवाई के लिए कल की तिथि निर्धारित है। ऐसे में बनभूलपुरा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एहतियातन क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और प्रभारियों को क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर बनभूलपुरा क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई जारी रखने के साथ ही लगातार सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और स्पेशलाइज्ड ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इंद्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला।

फ्लैग मार्च एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में निकाला गया। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हरपाल सिंह और थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च में थाना पुलिस बल के अलावा पीएसी, एंटी-रायट टीम, बीडीएस, फायर टीम और ड्रोन टीम भी शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

एसएसपी नैनीताल ने बनभूलपुरा क्षेत्र के लोगों से माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने और अग्रिम कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह का प्रचार-प्रसार नहीं करने को कहा है।

एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस फील्ड में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सतर्क निगरानी रख रही है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की पोस्ट, भ्रामक जानकारी या तथ्यहीन टिप्पणी करने से बचने की अपील की गई है। ऐसी पोस्ट या टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *