Greater Noida: उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े मेले यूपीआईटीएस-2025 का भव्य उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, तेजपाल सिंह नागर और धीरेन्द्र सिंह समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि जीएसटी सुधार लागू करने के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला उत्तर प्रदेश दौरा है। उन्होंने इसे देश के लिए क्रांतिकारी कदम बताते हुए पं. दीन दयाल उपाध्याय की अंत्योदय की सोच को प्रधानमंत्री द्वारा साकार करने की बात कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि पं. दीन दयाल उपाध्याय जी ने समाज के अंतिम पायदान तक विकास पहुंचाने का संदेश दिया था और आज भारत उसी नीति पर चलते हुए वैश्विक पहचान बना रहा है। उन्होंने जैम पोर्टल का उदाहरण देते हुए बताया कि इसके जरिए 7 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
आत्मनिर्भर भारत पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दूसरे पर निर्भर रहना दुर्भाग्यपूर्ण है, इसलिए हर भारतीय की जिम्मेदारी है कि स्वदेशी अपनाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे। उन्होंने उत्तर प्रदेश की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य पर्यटन, मोबाइल, सेमीकंडक्टर और रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन चुका है। जल्द ही रूस के सहयोग से यहां अत्याधुनिक राइफल बनाने की योजना है।
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों से अधिक निवेश की अपील की और भरोसा दिलाया कि राज्य व केंद्र सरकार निवेशकों के साथ खड़ी है। उन्होंने जीएसटी सुधारों को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले टैक्स के नाम पर जनता का शोषण होता था, जबकि आज जीएसटी से आम लोगों को राहत मिली है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पहले एक लाख रुपये की खरीद पर 25 हजार रुपये टैक्स लगता था, जो अब 5 से 6 हजार रुपये रह गया है। ट्रैक्टर, शर्ट और थ्री-व्हीलर जैसी वस्तुओं पर भी टैक्स में भारी कमी आई है।
अपने संबोधन के साथ ही प्रधानमंत्री ने मेले का विधिवत शुभारंभ किया। यह आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा और निवेशकों तथा व्यापारियों के लिए अवसरों का बड़ा मंच बनेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
