Headlines

Haldwani: नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर धमकाने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

Haldwani: नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर धमकाने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
शेयर करे-

Haldwani: महिला सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पीड़िता को धमकाकर निजी फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बना रहा था और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

दिनांक 29 जुलाई 2025 को पीड़िता ने कोतवाली लालकुआं में तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति ने फर्जी आईडी बनाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर अमर्यादित शब्दों के साथ अपलोड किए। इसके साथ ही अकाउंट बंद करने के एवज में पीड़िता से निजी फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बनाया गया और उसके भाई व पिता को जान से मारने की धमकी दी गई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली लालकुआं में मुकदमा संख्या 153/25, धारा 77/79/351(3) बीएनएस एवं 66(सी)/67(ए) आईटी एक्ट के तहत आरोपी सत्यम कुमार गुप्ता पुत्र अशोक कुमार गुप्ता, निवासी दमदाहा जिला पूर्णिया बिहार (उम्र 20 वर्ष) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। विवेचना निरीक्षक श्रीमती ललिता पांडे के सुपुर्द की गई, जबकि आरोपी लगातार फरार चल रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। एसपी सिटी हल्द्वानी के मार्गदर्शन, एसपी/क्षेत्राधिकारी लालकुआं के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी, पतारसी और सर्विलांस की मदद से आरोपी को रोहतक-झज्जर मार्ग, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन (मॉडल Moto G 35, 5G) बरामद हुआ, जिसकी गैलरी में पीड़िता के निजी वीडियो डाउनलोड फोल्डर में मौजूद पाए गए। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम

उपनिरीक्षक शंकर नयाल

कांस्टेबल गुरमेज सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *