Nainital: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान जिले की प्रमुख परियोजना कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करोरी महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु वर्षभर कैंचीधाम आते हैं। श्रद्धालुओं को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस बाईपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाईपास के पूर्ण होने से विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम में लगने वाले यातायात जाम से राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण कर हॉटमिक्स का कार्य भी किया जा चुका है, जिसके लिए 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी। शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग का कार्य 5 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की धनराशि से कलमठ, सुरक्षा दीवारों सहित अन्य कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से बाईपास को जोड़ने हेतु 74.15 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसके लिए शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है और निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी यात्रा सीजन से पूर्व सभी कार्य पूर्ण कर बाईपास मार्ग को यातायात के लिए संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन सहज हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास सड़क तथा इसी मार्ग में शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस बाईपास से भवाली बाजार में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी और पर्यटन सीजन में पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से बातचीत कर उनके हालचाल भी जाने।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने बर्फबारी देखने पहुंचे पर्यटकों से भी संवाद किया। पर्यटकों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें यहां किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और वे भविष्य में भी यहां आते रहेंगे।
इस अवसर पर माननीय दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
