Pithoragarh: पिथौरागढ़ जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आपसी कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर और चाकू से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति खून से सने कपड़ों में स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राजेश राम लावड़ निवासी कानड़ी गांव, मूनाकोट ब्लॉक के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पिथौरागढ़ नगर के जाखनी क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहा था। बताया गया है कि आरोपी एक सप्ताह पूर्व ही महाराष्ट्र से छुट्टी पर घर आया था।
शनिवार तड़के पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। सुबह करीब 4:30 बजे राजेश ने अपनी पत्नी नीलम (30) पर चाकू से हमला किया और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि सुबह करीब सात बजे आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और हत्या की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल जाखनी स्थित मकान पर पहुंची, जहां कमरे में बिस्तर पर महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर फोरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया।
शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
