Haldwani: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 9 सितंबर को होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। बैठक बुधवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें प्रदेशभर के सभी जिलों और संगठनात्मक इकाइयों से कुल 597 पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। वह प्रदेश कार्यसमिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मुताबिक, कार्यसमिति की बैठक में विकसित उत्तराखंड के रोडमैप, प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। बैठक में विकसित उत्तराखंड के रोडमैप से जुड़े दो अहम प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन को चुनावी मोड में लाने और बूथ स्तर तक तैयारियां मजबूत करने पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देते हुए आगामी चुनाव के लिए संगठन को तैयार करने की दिशा में मार्गदर्शन करेंगे।
खास बात यह है कि नितिन नवीन युवाओं, विशेषकर Gen Z, से भी संवाद करेंगे। इसके अलावा उनके पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होने का कार्यक्रम है। वहीं, रुद्रपुर में आयोजित सिख समाज के सम्मेलन को भी वह संबोधित करेंगे।
वहीं, भाजपा की इस महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यसमिति बैठक को लेकर संगठन के भीतर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके अलावा उत्तराखंड भाजपा में महामंत्री संगठन का पद फिलहाल रिक्त है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली इस अहम बैठक पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।
अब देखना होगा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर किस तरह की रणनीति तय करती है और संगठन को चुनावी मैदान के लिए किस दिशा में तैयार किया जाता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
