Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: गुलाबघाटी में पैराफिट से टकराकर खाई में गिरा बुलेट सवार, काठगोदाम पुलिस ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया

Haldwani: गुलाबघाटी में पैराफिट से टकराकर खाई में गिरा बुलेट सवार, काठगोदाम पुलिस ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया
शेयर करे-

Haldwani: गुलाबघाटी में हनुमान मंदिर के पास पैराफिट से टकराकर एक बुलेट मोटरसाइकिल खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार नीचे गधेरे में पेड़ और झाड़ियों के बीच फंस गया। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को रात करीब 1:07 बजे थाना काठगोदाम को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुलाबघाटी में हनुमान मंदिर के समीप एक बुलेट दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है, जबकि उसका चालक मौके पर दिखाई नहीं दे रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल पीसी-04 और चीता कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

मौके पर तलाश करने के दौरान भद्यूनी जाने वाले मार्ग के पास क्षतिग्रस्त बुलेट मोटरसाइकिल संख्या DL8SDS5488 मिली। राहगीरों से पूछताछ में पता चला कि बाइक सवार पैराफिट से टकराकर नीचे गधेरे में गिर गया है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में खाई में तलाश की तो घायल व्यक्ति पेड़ और झाड़ियों में फंसा हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक घायल व्यक्ति अत्यधिक नशे की स्थिति में प्रतीत हो रहा था और बोलने की स्थिति में नहीं था, हालांकि वह होश में था। पुलिस ने उसे पीसी-04 वाहन से तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसके पैर में चोट बताई है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

ई-चालान एप के जरिए वाहन की जांच करने पर बुलेट दारा सिंह पुत्र भगवान दास, निवासी नेहरू इन्कलेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत मिली। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल उनके जमाई भूपेश कुमार पुत्र चन्द्र प्रकाश, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली आज किसी काम से दिल्ली से काठगोदाम लेकर आए थे।

काठगोदाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खाई में फंसे घायल बाइक सवार को समय रहते सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *