Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का मुख्यमंत्री धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, तय समय पर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Haldwani: जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का मुख्यमंत्री धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, तय समय पर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
शेयर करे-

Haldwani: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से पर्यावरणीय व तकनीकी अड़चनों को दूर कर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दशकों पुरानी जनभावनाओं के अनुरूप परियोजना को स्वीकृति देकर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है। साथ ही परियोजना में सहयोग देने वाले स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों का भी उन्होंने धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार योजनाओं को कागजों से निकालकर धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़ी किसी भी योजना को अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा और सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध परियोजना उत्तराखंड की समृद्धि का प्रतीक बनेगी और राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना से सिंचाई और पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना से कुमाऊं के तराई क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और क्षेत्रवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही विद्युत उत्पादन की स्थानीय मांग को लेकर केंद्र सरकार से वार्ता किए जाने की बात भी कही।

परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत दो टनलों का निर्माण कार्य लगभग 88 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। नदी के पानी के डायवर्जन हेतु कॉफर डैम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल और कृत्रिम डैम का कार्य पूरा कर आगामी मानसून में नदी के जल का डायवर्जन किया जाएगा। इसके बाद स्थायी बांध का निर्माण कार्य शुरू कर तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। परियोजना को जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *