Haldwani: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित रामपुर रोड पर 250 बेड के अत्याधुनिक पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक अस्पताल का उद्घाटन नहीं, बल्कि संघर्ष, सेवा और संकल्प की प्रेरक यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने संस्थान के संस्थापक एवं जनपद बागेश्वर के गागरी गोल गांव निवासी श्री जगदीश सिंह पिमोली को बधाई देते हुए कहा कि एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक संस्थान स्थापित करना पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 250 बेड का यह मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है और भविष्य में उत्तराखंड को चिकित्सा उत्कृष्टता के मानचित्र पर सशक्त स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए यह राष्ट्रव्यापी पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ और प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत 61 लाख से अधिक नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि निःशुल्क जांच योजना के अंतर्गत 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें बिना शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने अपने “विकल्प रहित संकल्प” के तहत उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने होली गायन में भी प्रतिभाग किया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सांसद नैनीताल-ऊधमसिंह नगर अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या, सुरेश गड़िया, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, संस्थापक जगदीश पिमोली तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
