Haldwani: कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में शुक्रवार को आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने जनसुनवाई कर भूमि विवाद, वेतन बकाया और धोखाधड़ी सहित कई मामलों का निस्तारण किया। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से जुड़ी थीं, जिनमें मौके पर ही समाधान किया गया।
आयुक्त ने वर्षाकाल में नदियों-नालों के पास न जाने की अपील करते हुए कहा कि बरसात में जलस्तर बढ़ने से हादसे का खतरा अधिक रहता है।
जनसुनवाई में बागेश्वर निवासी चम्पा देवी ने आरोप लगाया कि हाथीखाल में खरीदी गई भूमि को भूस्वामी ने रजिस्ट्री के बाद भी एक सप्ताह में दोबारा बेच दिया, जिससे दाखिल-खारिज नहीं हो पाई। आयुक्त ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर लैण्ड फ्राॅड एक्ट में मुकदमा दर्ज होगा।
रुद्रपुर दानपुर निवासी देवीलाल टम्टा ने शिकायत की कि 12 लाख की प्लॉट कीमत में से 6.25 लाख देने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं हुई। आयुक्त ने भू-स्वामी को एक सप्ताह में धन वापसी का निर्देश देते हुए समय पर पालन न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सुशीला तिवारी चिकित्सालय के आउटसोर्स कर्मचारियों ने 5 माह से वेतन न मिलने की शिकायत की, जिस पर आयुक्त ने शासन स्तर पर पत्राचार के निर्देश दिए। दमुवादूगा निवासी देवकी देवी के पति का होटल स्वामी पर 4 माह का वेतन बकाया था, जिस पर तत्काल भुगतान कराने के आदेश दिए गए।
राजारानी विहार कॉलोनीवासियों ने रकसिया नाले से वर्षाकाल में गंदगी आने की शिकायत की। आयुक्त ने एडीबी से शीघ्र बैठक कर समाधान का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई में अधिकतर मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

