Haldwani: कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत द्वारा जनसमस्याओं की जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, ऋण वसूली, सड़क, विद्युत, अतिक्रमण जैसी कई समस्याएं सामने आईं, जिनका आयुक्त ने मौके पर ही समाधान किया।
आयुक्त ने मण्डल के सभी उपजिलाधिकारी और तहसील अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सप्ताह जनसुनवाई कर छोटे-छोटे विवादों का निस्तारण करें ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान बनबसा निवासी सुलोचना ने प्लॉट खरीद में धोखाधड़ी की शिकायत की। आयुक्त ने विक्रेता दर्शन सिंह को भुगतान की धनराशि वापस करने के निर्देश दिए और समय पर भुगतान न करने की स्थिति में उसके विरुद्ध लैण्ड फ्रॉड एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी।
इसी प्रकार, रुद्रपुर लालपुर निवासी रोशन लाल व मंसा देवी ने प्लॉट खरीद में धोखाधड़ी की शिकायत की। विक्रेता सतपाल यादव द्वारा न तो रजिस्ट्री की गई और न ही प्लॉट स्थल पर मौजूद है। आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विक्रेता के खिलाफ लैण्ड फ्रॉड एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
अन्य मामलों में दाडिमा निवासी हरेन्द्र सिंह रैक्वाल ने भूमि रिकॉर्ड में गड़बड़ी, बाजपुर निवासी कला बिष्ट ने उधार की धनराशि वसूली, मोटाहल्दू निवासी कृपेन शंकर ने वाहन की किश्त वसूली, कालाढूंगी निवासी नीमा देवी ने पुश्तैनी भूमि में हिस्सेदारी और बागेश्वर निवासी मंसा देवी ने जमीन की रजिस्ट्री न होने की शिकायत रखी। आयुक्त ने अधिकतर मामलों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वनाग्नि रोकथाम पर भी आयुक्त सख्त दिखे। उन्होंने मण्डल के सभी डीएफओ को निर्देश दिए कि वनाग्नि संभावित क्षेत्रों में साइन बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही जहां जानबूझकर आग लगाई जाती है, ऐसे लोगों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज की जाए। वनाग्नि प्रभावित क्षेत्रों में हिडन कैमरा लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
